श्रावण सोमवार से पहले प्रशासन अलर्ट, एसडीएम ने देखी सासनी में जलभराव समस्या

 


हाथरस, 30 जुलाई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद हाथरस में श्रावण मास के प्रथम सोमवार पर कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को सुविधाएं देने के लिए जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क है।

गुरुवार को सासनी उपजिलाधिकारी शिव प्रकाश यादव ने आगरा-अलीगढ़ राष्ट्रीय राजमार्ग स्थित नई सब्जी मंडी के सामने बरसात के कारण हुए जलभराव का स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित अधिकारियों को तत्काल जल निकासी कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कहा कि सावन के पहले सोमवार को बड़ी संख्या में कांवड़िए इसी मार्ग से गुजरेंगे, इसलिए सड़क पर जलभराव या किसी प्रकार की बाधा नहीं रहनी चाहिए। उन्होंने राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण तथा नगर पंचायत अधिकारियों को लगातार निगरानी रखने और बारिश की स्थिति में तत्काल आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इस अवसर पर नगर पंचायत सासनी के अधिशासी अधिकारी विकास कुमार जैन सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे। स्थानीय लोगों ने भी प्रशासन की पहल का स्वागत करते हुए स्थायी समाधान की मांग की।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना