वाराणसी : सारनाथ में धम्मेख स्तूप के सामने धम्मचक्क पर्वत्तन सुत्त का हुआ पाठ

 


वाराणसी, 21 नवम्बर (हि. स.)। वाराणसी में शनिवार को सारनाथ स्थित धम्मेख स्तूप के सामने धम्मचक्क पर्वत्तन सुत्त पाठ समारोह का राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा की विशेष उपस्थिति में शुभारंभ हुआ। धम्मचक्क पर्वत्तन सुत्त पाठ के मुख्य आयोजक भिक्खु डॉ. आलोक ने सर्व प्रथम विषय रखते हुए सभी का अभिवादन किया।

भगवान बुद्ध की प्रथम धम्म देशना स्थली सारनाथ स्थित विश्व प्रसिद्ध धम्मेक स्तूप परिसर में धम्मचक्क पर्वत्तन सुत्त पाठ एवं विशेष पूजा का अत्यंत गरिमामय एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सफल आयोजन किया गया। इस अंतरराष्ट्रीय स्तर के आयोजन में सिंगापुर और मलेशिया से पधारे इस कार्यक्रम के अध्यक्ष पूज्य भिक्षु डॉ. गुणरतन महाथेरा एवं विशिष्ट बौद्ध प्रतिनिधिमंडल (डेलिगेशन) ने मुख्य रूप से सहभागिता की।

इस अवसर पर आयोजन के संरक्षक पूज्य भिक्खु नंदरतन महाथेरो, पूज्य भिक्षु सुमित्रानंदन थेरो, प्रोफेसर रमेश चंद्र नेगी, पूज्य भिक्खु फ्रा. बोधधविदेस वज्रा सुदोन (सचिव) और इसके साथ ही उत्तर प्रदेश के विभिन्न जनपदों से पधारे अनेक प्रबुद्धजनों, भिक्षु संघ और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने धम्मचक्क पर्वत्तन सुत्त पाठ में हिस्सा लेकर विश्व शांति और मानव कल्याण की कामना की।

समारोह में मुख्य अतिथि राज्य मंत्री हंसराज विश्वकर्मा ने कहा कि भगवान बुद्ध की करुणा, मैत्री और अहिंसा के संदेशों को अपनाने से सुख मिलेगा। दुख को दूर करने का यही आसान साधन है। दूसरे देश से आए मेहमानों का इस सारनाथ की पावन धरती पर स्वागत है। यह अति पावन समारोह से जुड़कर उन्हें बेहद प्रसन्नता हुई है।

कार्यक्रम के मुख्य आयोजक भिक्षु डॉ. आलोक ने विशेष रूप से अपनी टीम के सक्रिय सदस्यो विशेष शाक्य, शशांक मौर्य, अजय शाक्य, अनुभव शाक्य एवं अन्य सभी कार्यकर्ताओं के अथक परिश्रम और समर्पण की सराहना की। इसके साथ ही, आयोजन समिति ने भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण सारनाथ की टीम, स्थानीय प्रशासन और सुरक्षाकर्मियों के प्रति विशेष आभार प्रकट किया। कार्यक्रम के अंत में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां के निधन पर सभी ने आंखें बंद कर अपनी शोक संवेदना व्यक्त की।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद