सारंगनाथ महादेव मंदिर में जोड़ा शिवलिंग पर हजारों श्रद्धालुओं ने चढ़ाया जल

 


वाराणसी, 03 अगस्त (हि. स.)। वाराणसी के सारनाथ क्षेत्र में सारंगनाथ महादेव मंदिर पर सावन के पहले सोमवार को जोड़ा शिवलिंग पर जल चढ़ाने के लिए हजारों की संख्या में श्रद्धालु पहुंच रहे हैं। श्रद्धालुओं के हर हर महादेव के उद्घोष से पूरा मंदिर परिसर गूंजामान हो गया। श्रद्धालुओं के पंक्तियों को बार-बार ठीक कराते हुए पुलिसकर्मी दिखाई पड़े। वही, मंदिर में आसपास श्रद्धालुओं ने लिट्टी चोखा और ठंडाई भी बनाकर प्रसाद के रूप में ग्रहण किया।

सारंग नाथ महादेव मंदिर प्रांगण में विराजमान दो शिवलिंगों पर माला फूल एवं दूध जल अर्पित करने के बाद बाहर निकले श्रद्धालु राघवेंद्र ने बताया कि प्रतिवर्ष सावन के एक माह में सारंगनाथ मंदिर के चारों ओर मेला लगाया जाता है। मेले में हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं का पहुंचना होता है। सोमवार को विशेष रूप से मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ रहती है। वह स्वयं प्रतिदिन दर्शन करने वाले लोगों में है। वह पूरे सावन यहां आकर दर्शन पूजन करेंगे और आरती में शामिल होंगे। जोड़ा शिवलिंग के दर्शन से दुख दूर हो जाते हैं।

मंदिर प्रांगण में माला फूल बेचने वाली सरस्वती देवी ने बताया कि श्रद्धालुओं की भीड़ के कारण मुख्य रूप से मदार की माला की बिक्री 10 गुनी हो गई है, जबकि माला का मूल्य पहले की ही तरह बीस रूपये लिया जा रहा है। सारंग नाथ महादेव मंदिर में दो शिवलिंग होने के कारण प्रत्येक श्रद्धालु उनसे दो माला अवश्य लेते हैं।

वही, सारंगनाथ महादेव मंदिर के पीछे से आने वाले रास्ते पर तैनात सिपाहियों में दो सिपाही के लापरवाही करने पर उन्हें तत्काल उस स्थान से हटा दिया गया। सिपाहियों ने पीछे के रास्ते से कुछ लोगों को मंदिर में आने की अनुमति दे दी थी। जिसके बाद सारनाथ थाना के प्रभारी निरीक्षक ने उन्हें हटाया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद