मीरजापुर: गणपति के जयकारों से गूंजा सप्तसागर, दर्शन को उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

 


मीरजापुर, 30 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में विंध्याचल के महुवारी कला स्थित सप्तसागर मेले में बुधवार को गणपति दर्शन के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी। सुबह से देर शाम तक मंदिर में महिला, पुरुष और बच्चों के पहुंचने का सिलसिला जारी रहा। घंटा-घड़ियाल और शंख की ध्वनि के बीच श्रद्धालुओं ने गणपति भगवान का पूजन किया।

विंध्याचल से करीब आठ किलोमीटर दूर बघरा तिवारी गांव स्थित गणेश मंदिर में कुआर मास की चतुर्थी पर आज वार्षिक मेला लगा। मंदिर को फूल-पत्तियों से सजाया गया था। दर्शन-पूजन के बाद श्रद्धालुओं ने मेला क्षेत्र में लगी दुकानों से खाने-पीने की सामग्री, घरेलू सामान और बच्चों के लिए खिलौने खरीदे। इससे पूरे दिन मेला क्षेत्र में चहल-पहल बनी रही।

मान्यता है कि सप्तसागर क्षेत्र में सप्तऋषियों ने तपस्या की थी और सात तालाबों का निर्माण कर स्नान के बाद भगवान गणेश की पूजा की थी। स्थानीय मान्यता के अनुसार, शारदीय नवरात्र से पहले यहां गणेश दर्शन के बाद श्रद्धालु नवरात्र मेले की तैयारियों में जुटते हैं।

मंदिर के महंत तेजन गिरि ने बताया कि चतुर्थी के दिन गणेश दर्शन की परंपरा लंबे समय से चली आ रही है। इस दिन श्रद्धालु पूजन-अर्चन करते हैं।

मेले में सुरक्षा के लिए पुलिस और महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती की गई थी। पुलिसकर्मी भीड़ और आवागमन पर नजर बनाए रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा