संत रविदास के जीवन से मिलती है मानव सेवा की प्रेरणा : शशांक मणि
- समरसता संकल्प अभियान के तहत निकली भव्य कलश यात्रा
देवरिया, 02 अगस्त (हि.स.)। भारतीय जनता पार्टी द्वारा संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज की 650वीं जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में चलाए जा रहे 'संत रविदास समरसता संकल्प अभियान' के तहत रविवार को जिला कार्यालय औरा चौरी से कलश यात्रा निकाली गई। सात माह तक चलने वाले इस अभियान का उद्देश्य संत रविदास के समता, समरसता, सामाजिक सद्भाव और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
कलश यात्रा धतूरा, बैतालपुर, बलुआ, सिर्जम सहित विभिन्न गांवों से होकर गुजरी। यात्रा के दौरान भाजपा कार्यकर्ताओं ने संत रविदास के विचारों का प्रचार-प्रसार किया तथा सामाजिक समरसता और राष्ट्र निर्माण का संदेश दिया। जगह-जगह ग्रामीणों ने पुष्पवर्षा कर यात्रा का स्वागत किया। बैतालपुर स्थित पंचमुखी हनुमान मंदिर परिसर में सदर सांसद शशांक मणि ने विधि-विधान से कलश पूजन किया। उन्होंने कहा कि संत रविदास ने अपने जीवन और वाणी से समाज को समानता, भाईचारे और मानव सेवा की प्रेरणा दी। उनके विचार आज भी समाज के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने कहा कि समरसता संकल्प अभियान के माध्यम से जाति और भेदभाव से ऊपर उठकर एक सशक्त एवं समरस भारत के निर्माण का संदेश दिया जा रहा है। सांसद ने कार्यकर्ताओं से अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने का आह्वान किया।
पूजन के बाद सांसद ने कलश यात्रा को बलुआ के लिए रवाना किया। इस अवसर पर जिला उपाध्यक्ष अरुण सिंह, अभियान के जिला संयोजक कृष्णनाथ राय, जिला मंत्री डॉ. हेमंत मिश्रा, मीडिया प्रभारी प्रभाकर तिवारी, मंडल अध्यक्ष राजेश निषाद, डॉ. अभयनाथ तिवारी, अखिलेश त्रिपाठी, मुकुल मणि त्रिपाठी, सतेंद्र मणि त्रिपाठी, नीलरतन जायसवाल सहित अनेक भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
अभियान के अंतर्गत अगले सात माह तक जिले के विभिन्न क्षेत्रों में कलश यात्रा, संगोष्ठी, जनसंवाद और सामाजिक समरसता से जुड़े विविध कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक