डॉ. संजय निषाद ने महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रदेशवासियों को दी बधाई

 


गांधी-शास्त्री जयंती पर डॉ. संजय निषाद ने प्रदेशवासियों को दी बधाई

लखनऊ, 01 अक्टूबर (हि.स.)। निषाद पार्टी के अध्यक्ष एवं उत्तर प्रदेश सरकार में मत्स्य विभाग के मंत्री डॉ. संजय कुमार निषाद ने राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की जयंती पर प्रदेशवासियों को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।

गुरुवार जयंती की पूर्व संध्या पर जारी संदेश में डॉ. संजय निषाद ने कहा कि दो अक्टूबर देश के दो महान सपूतों के राष्ट्र निर्माण में योगदान को स्मरण करने का अवसर है। महात्मा गांधी ने सत्य, अहिंसा और स्वदेशी के माध्यम से देशवासियों को स्वतंत्रता आंदोलन के लिए प्रेरित किया। वहीं लाल बहादुर शास्त्री ने सादगी, ईमानदारी और कर्तव्यनिष्ठा की मिसाल कायम करते हुए देश को ‘जय जवान, जय किसान’ का मंत्र दिया।

उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के आदर्श आज भी देशवासियों के लिए प्रेरणास्रोत हैं। डॉ. निषाद ने दोनों महान विभूतियों को नमन करते हुए प्रदेशवासियों से उनके विचारों और आदर्शों को अपने जीवन में अपनाने का आह्वान किया।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा