सपा ने 11 विधानसभा क्षेत्रों में घोषित किए पीडीए प्रभारी, अभिषेक गर्ग को गाजियाबाद और मुकेश शर्मा को नोएडा की जिम्मेदारी
लखनऊ, 29 नवंबर (हि.स.)। समाजवादी पार्टी (सपा) ने उत्तर प्रदेश में संगठन को मजबूत करने और पिछड़ा, दलित एवं अल्पसंख्यक (पीडीए) वर्ग के बीच अपनी राजनीतिक पकड़ बढ़ाने के उद्देश्य से 11 विधानसभा क्षेत्रों में पीडीए प्रभारियों की नियुक्ति की है। पार्टी ने रविवार देर शाम अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर नवनियुक्त प्रभारियों की सूची जारी की।
जारी सूची के मुताबिक, बागपत जिले की बड़ौत विधानसभा सीट से सुरेंद्र तोमर को पीडीए प्रभारी बनाया गया है। गाजियाबाद जिले की लोनी विधानसभा सीट की जिम्मेदारी अनिल कसाना और गाजियाबाद विधानसभा क्षेत्र का प्रभारी अभिषेक गर्ग को बनाया गया है। वहीं, गौतमबुद्धनगर जिले की नोएडा विधानसभा सीट से मुकेश शर्मा को पीडीए प्रभारी नियुक्त किया है। मुकेश शर्मा ने बीते दिनों ही सपा की सदस्यता ली थी।
इसके अलावा हाथरस विधानसभा क्षेत्र से रामनारायण काके और सादाबाद से देवेंद्र अग्रवाल को जिम्मेदारी सौंपी गई है। मथुरा जिले की छाता विधानसभा सीट से लोकमणि जादौन और मांट से संजय लाठर को प्रभारी बनाया गया है। आगरा जिले की बाह विधानसभा सीट से कृष्ण वर्मा निषाद, शाहजहांपुर जिले की तिलहर विधानसभा सीट से रोशन लाल वर्मा तथा जालौन जिले की कालपी विधानसभा सीट से श्रीराम पाल को पीडीए प्रभारी नियुक्त किया गया है।
पार्टी की ओर से जारी सूची में सभी 11 प्रभारियों के नामों के साथ उनके विधानसभा क्षेत्रों और संबंधित जिलों का भी उल्लेख किया गया है। इन नियुक्तियों को आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों के मद्देनजर संगठनात्मक सक्रियता बढ़ाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा