समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी बाबू कुरैशी पर लगा प्लॉट मालिकों का रास्ता रोकने का आरोप

 


वाराणसी, 07 जुलाई (हि. स.)। शहर उत्तरी विधानसभा में समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी इस्तकबाल उर्फ बाबू कुरैशी के ऊपर नदेसर क्षेत्र के चरण नगर कॉलोनी में कुछ प्लाट मालिकों का रास्ता बंद करने का आरोप लगा है। बढ़ते विवाद के बाद बाबू कुरैशी का कहना है कि उनके ऊपर लगे आरोप सरासर गलत है।

चरण नगर कॉलोनी में हो रही प्लाटिंग के बीच समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी बाबू कुरैशी पर दो प्लाट मालिकों ने आने-जाने का रास्ता रोकने का आरोप लगाते हुए कहा कि वह अपनी जमीन पर निर्माण कर रहे हैं और जिस रास्ते से उनका आना-जाना है, उसे समाजवादी पार्टी के नेता बाबू कुरैशी बंद कर रहे हैं। बाबू कुरैशी का यह रवैया सरासर गैरकानूनी है। बाबू कुरैशी के विरुद्ध कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

वही, बाबू कुरैशी ने मंगलवार को मीडिया के सामने आकर कहा कि वर्तमान समय में वीडीए से स्वीकृत नक्शा के अनुसार प्लाट मालिकों का आने-जाने का रास्ता दूसरी तरफ से है। जिस रास्ते की वह बात कर रहे हैं, यह एक प्राइवेट कॉलोनी का रास्ता है। जो वीडीए द्वारा अप्रूव्ड है। उनके ऊपर लग रहा आरोप बिल्कुल ही गलत है।

बता दे कि समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी बाबू कुरैशी इस बार भी विधानसभा चुनाव में वाराणसी उत्तरी से टिकट के प्रबल दावेदार हैं। पिछला चुनाव वह भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी रविंद्र जायसवाल से हार गए थे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / शरद