गांधी जयंती के दिन अनुपस्थिति 47 अधिकारियों कर्मचारियों का वेतन राेका गया
फर्रुखाबाद, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद फर्रूखाबाद में
गांधी जयंती (राष्ट्रीय पर्व) के अवसर पर दाे अक्टूबर काे अनुपस्थिति 47 अधिकारियों कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काट दिया गया है। सीडीओ विनोद कुमार ने बताया कि आयोजित कार्यक्रम में विकास भवन स्थित विभिन्न कार्यालयों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति हेतु पूर्व में निर्देश जारी किये गये थे।
निर्देशों के बावजूद विकास भवन स्थित विभिन्न विभागों के 47 अधिकारी/कर्मचारी बिना सक्षम स्तर से पूर्व अनुमति प्राप्त किये कार्यक्रम में अनुपस्थित पाये गये।
उक्त अनुपस्थिति कर्मचारियाें द्वारा शासकीय दायित्वों एवं उच्चाधिकारियों के निर्देशों के प्रति उदासीनता बरती गई। इस संबंध में कर्मचारियों के 02 अक्टूबर (एक दिवस) का वेतन के आहरण पर रोक लगाने के निर्देश दिये गये हैं। साथ ही संबंधित अधिकारियों/कर्मचारियों को निर्देशित किया गया है कि वे अपनी अनुपस्थिति के संबंध में तीन दिवस के अंदर उचित माध्यम से अपना स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
निर्धारित अवधि में स्पष्टीकरण प्राप्त न होने अथवा स्पष्टीकरण संतोषजनक न पाये जाने की स्थिति में संबंधित के विरुद्ध नियमानुसार अग्रेतर कार्यवाही की जायेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर