सादाबाद में ईंट भट्टे के पास मिला अधेड़ का शव, जहरीला पदार्थ सेवन की आशंका
हाथरस, 29 मई (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हाथरस के सादाबाद में सलेमपुर मार्ग पर शुक्रवार दोपहर एक 55 वर्षीय व्यक्ति का शव मिला। ईंट भट्टे के पास शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही ग्रामीण और पुलिस मौके पर पहुंचे। परिजनों ने मृतक की पहचान कप्तान सिंह पुत्र शिशुपाल सिंह निवासी गांव उघई, थाना सादाबाद, जनपद हाथरस के रूप में की।
राहगीरों ने सड़क किनारे एक व्यक्ति को संदिग्ध अवस्था में पड़ा देखा और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने व्यक्ति को तत्काल सादाबाद के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक के मुंह से कीटनाशक दवा जैसी तेज गंध आ रही थी, जिससे प्रथम दृष्टया जहरीला पदार्थ सेवन करने की आशंका जताई जा रही है। हालांकि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे परिजनों ने मृतक की पहचान कप्तान सिंह पुत्र शिशुपाल सिंह निवासी गांव उघई, थाना सादाबाद, जनपद हाथरस के रूप में की। मृतक के परिवार में शोक का माहौल है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरा और पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मदन मोहन राना