मीरजापुर में साइबर सेल ने 10 हजार रुपये पीड़ित काे कराएं वापस
मीरजापुर, 20 अप्रैल (हि.स.)। यूपीआई के माध्यम से गलती से अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हुई 10,000 रुपये की धनराशि को उत्तर प्रदेश के
मीरजापुर जनपद की थाना विन्ध्याचल साइबर सेल टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पीड़ित के खाते में वापस करा दिए।
थानाध्यक्ष विन्ध्याचल अविनाश प्रकाश राय ने बताया कि 28 फरवरी को गोसाईपुर निवासी वेद प्रकाश तिवारी ने एनसीआरपी पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराई थी कि उनसे गलती से 10,000 रुपये किसी अज्ञात व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर हो गए हैं। शिकायत मिलने के बाद थाना विन्ध्याचल पुलिस ने मामले की जांच शुरू की। मामले में पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक नगर एवं क्षेत्राधिकारी नगर के नेतृत्व में साइबर सेल टीम ने तकनीकी जांच करते हुए पूरी धनराशि सफलतापूर्वक वापस करा दी।
उन्हाेंने बताया कि आज पीड़ित काे राशि वापस मिलने पर आवेदक ने थाना पहुंचकर साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक राजेश सिंह, आरक्षी विपुल कुमार का आभार व्यक्त किया। इस दौरान पुलिस ने उन्हें साइबर जागरूकता के तहत ऑनलाइन ठगी से बचाव के उपाय भी बताए और अन्य लोगों को भी जागरूक करने की अपील की गई।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा