सीएम के विजन का परिणाम, एमपीओ को मिला राष्ट्रीय सम्मान

 




रंगीलो काशी में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीओ की सदस्य रूपा देवी की गाय ने जीता 1.51 लाख रुपये का पुरस्कार

गोरखपुर, 22 सितंबर (हि.स.)l

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के विजन के अनुरूप, ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की मुहिम से संबंद्ध श्री बाबा गोरखनाथ कृपा मिल्क प्रोड्यूसर ऑर्गनाइजेशन (एमपीओ) ने राष्ट्रीय स्तर पर उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। इस एमपीओ की सदस्य, महराजगंज जिले के सहजनवा बाबू गांव की रूपा देवी की गाय ने वाराणसी में नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड की तरफ से आयोजित ‘रंगीलो काशी’ पशु मेला में 1.51 लाख रुपये का द्वितीय पुरस्कार जीता है।

गोरखपुर में श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीओ का गठन सीएम योगी के निर्देश पर राज्य ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के सहयोग से किया गया है। गोरखपुर मंडल के सभी जिलों में क्रियाशील इस संस्था का शत प्रतिशत स्वामित्व महिला दुग्ध उत्पादकों के हाथ है। अब तक 77000 से अधिक महिला दुग्ध उत्पादक इस एमपीओ से जुड़ चुकी हैं।

इस संस्था का उद्देश्य ग्रामीण महिलाओं को संगठित कर उन्हें डेयरी व्यवसाय के माध्यम से आत्मनिर्भरता की ओर अग्रसर करना तथा उनके परिवारों एवं ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत बनाना है। एमपीओ की सदस्य महिलाएं न केवल नियमित रूप से दूध उत्पादन एवं आपूर्ति कर रही हैं, बल्कि वैज्ञानिक पशुपालन, बेहतर पशु प्रबंधन और नई तकनीकों को अपनाकर अपनी आय एवं उत्पादकता बढ़ाने की दिशा में भी आगे बढ़ रही हैं।

श्री बाबा गोरखनाथ कृपा एमपीओ के मुख्य कार्यपालक अधिकारी धनराज साहनी के अनुसार एमपीओ की सदस्य रूपा देवी (महराजगंज जिले के बृजमनगंज ब्लॉक अंतर्गत सहजनवा बाबू गांव) की जर्सी गाय ने 19-20 सितंबर को नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड की तरफ से आयोजित ‘रंगीलो काशी’ राष्ट्रीय स्तर के पशु मेला में द्वितीय पुरस्कार हासिल किया है। 1.51 लाख रुपये का यह पुरस्कार रूपा देवी की जर्सी गाय को 24 घंटे में 25 लीटर से अधिक दूध देने के लिए दिया गया।

पुरस्कार नेशनल डेयरी डेवलपमेंट बोर्ड के चेयरमैन डॉ. मीनेश शाह ने प्रदान किया। एमपीओ के सीईओ का कहना है कि रूपा देवी की जर्सी गाय को प्राप्त यह पुरस्कार अन्य सभी महिला दुग्ध उत्पादकों के लिए भी प्रेरक बनेगा।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय