जौनपुर में आरटीई के तहत 887 छात्र-छात्राओं का चयन
जौनपुर, 20 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में निःशुल्क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा अधिकार (आरटीई) अधिनियम के तहत शैक्षिक सत्र 2026-27 के लिए प्रथम चरण की ऑनलाइन लॉटरी प्रक्रिया शुक्रवार को जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कार्यालय में पारदर्शिता के साथ संपन्न हुई। इस चरण में कुल 887 छात्र-छात्राओं का चयन किया गया।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी डॉ. गोरखनाथ पटेल ने बताया कि पहले चरण में कुल 1461 आवेदन प्राप्त हुए थे। प्रारंभिक जांच के बाद 1224 आवेदन पात्र पाए गए, जबकि 237 आवेदन आवश्यक मानकों को पूरा न करने के कारण अपात्र घोषित कर दिए गए। पात्र आवेदनों के आधार पर कंप्यूटराइज्ड लॉटरी प्रणाली से चयन प्रक्रिया पूरी की गई।
लॉटरी में 887 बच्चों को प्रवेश के लिए चयनित किया गया, जबकि 337 बच्चे चयन सूची से बाहर रह गए। पूरी प्रक्रिया अधिकारियों की निगरानी में निष्पक्ष और पारदर्शी ढंग से संपन्न कराई गई, ताकि किसी प्रकार की अनियमितता की गुंजाइश न रहे। विभाग की ओर से उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर संबंधित विद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। आरटीई समन्वयक सत्येंद्र गुप्ता ने बताया कि चयन सूची आधिकारिक पोर्टल पर उपलब्ध करा दी गई है, जहां अभिभावक अपने आवेदन की स्थिति ऑनलाइन देख सकते हैं। शिक्षा विभाग ने सभी संबद्ध विद्यालयों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि चयनित बच्चों का प्रवेश नियमानुसार सुनिश्चित किया जाए। -------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव