गोरखपुर में संघ का विराट पथ संचलन 14 अप्रैल को, पूर्ण गणवेश में दिखेगा अनुशासन और राष्ट्रभाव
गोरखपुर, 13 अप्रैल (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस ) गोरखपुर महानगर उत्तर भाग द्वारा 14 अप्रैल को एक भव्य विराट पथ संचलन का आयोजन किया जा रहा है। इस आयोजन में स्वयंसेवक पूर्ण गणवेश में शहर की सड़कों पर अनुशासन, संगठन और राष्ट्र समर्पण का प्रेरणादायी प्रदर्शन करेंगे।
पथ संचलन का शुभारंभ दोपहर 03:30 बजे अभयनंदन इंटर कॉलेज, असुरन से होगा। यह संचलन महानगर के विभिन्न प्रमुख मार्गों से होते हुए पुनः उसी स्थान पर आकर संपन्न होगा। कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के रूप में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के अखिल भारतीय प्रचारक प्रमुख स्वांत रंजन उपस्थित रहेंगे। वे स्वयंसेवकों एवं नागरिकों को संबोधित कर राष्ट्र निर्माण और संगठन की भूमिका पर अपने विचार रखेंगे।
आयोजन को लेकर स्वयंसेवकों में व्यापक उत्साह देखा जा रहा है तथा शहरवासियों से भी इस कार्यक्रम में सहभागिता एवं अवलोकन की अपील की गई है।
यह जानकारी अभिषेक चटर्जी, भाग प्रचार प्रमुख, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, गोरखपुर महानगर उत्तर भाग ने दी है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय