देशभक्ति की भावना जागृत करने का सशक्त माध्यम है संघ : रमेश

 






गोरखपुर, 12 सितंबर (हि.स.)। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष महोत्सव के अंतर्गत महानगर उत्तरी द्वारा सरस्वती शिशु मंदिर वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सुभाषचंद्र बोस नगर, सूर्यकुंड में युवा सम्मेलन का आयोजन किया गया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में युवा स्वयंसेवकों ने सहभागिता की। वक्ताओं ने युवाओं को राष्ट्र निर्माण, सामाजिक संगठन, अनुशासन और देशहित में समर्पित भाव से कार्य करने का आह्वान किया।

सम्मेलन के मुख्य वक्ता राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ गोरक्ष प्रांत के प्रांत प्रचारक रमेश ने कहा कि संघ के शताब्दी वर्ष के अंतर्गत आयोजित यह युवा सम्मेलन ऐतिहासिक अवसर है। इसके माध्यम से युवाओं को संघ के निकट आने और उसके कार्यों को समझने का अवसर प्राप्त हो रहा है। उन्होंने कहा कि जब व्यक्ति का अपने देश के साथ गहरा संबंध स्थापित होता है तो वह देश की पीड़ा और समस्याओं को अपनी समस्या मानने लगता है तथा उसके भीतर देशभक्ति की भावना जागृत होती है। व्यक्ति में देशभक्ति की भावना विकसित करने का राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक सशक्त माध्यम है।

प्रांत प्रचारक ने कहा कि नियमित शाखा व्यक्ति के भीतर प्रखर राष्ट्रवाद की भावना जागृत करती है। शाखा गंगा की तरह पवित्र है और व्यक्ति निर्माण की कार्यशाला है, जहां व्यक्ति के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। शाखा में स्थापित भगवा ध्वज हमारे भीतर राष्ट्रीयता और हिंदुत्व की भावना को निरंतर अभिसिंचित करता है। उन्होंने कहा कि संगठित समाज के बल पर ही हिंदुत्व और भारतीयता को संरक्षित एवं संवर्धित किया जा सकता है तथा संगठन की शक्ति से ही समाज में सकारात्मक परिवर्तन संभव है।

देश व समाज के प्रति त्याग के लिए सदैव तत्पर रहें युवा

सम्मेलन के द्वितीय सत्र को संबोधित करते हुए विभाग प्रचारक अजय नारायण जी ने कहा कि अनुशासन संघ की पहचान है। संघ का उद्देश्य समाज में ऐसे राष्ट्रभक्त नागरिकों का निर्माण करना है, जो देश और समाज के प्रति अपने दायित्वों को समझें और आवश्यकता पड़ने पर त्याग के लिए सदैव तत्पर रहें। उन्होंने कहा कि जब हम ‘देश सर्वोपरि’ की भावना के साथ कार्य करेंगे, तभी भारत माता की जय का संकल्प सार्थक होगा।

युवाओं को दी गई शाखा संचालन की जानकारी

सम्मेलन के तृतीय सत्र में प्रतिभागी युवाओं को संघ की शाखा लगाने की प्रक्रिया से परिचित कराया गया। शाखा के माध्यम से अनुशासन, संगठन, शारीरिक एवं मानसिक विकास तथा सामूहिकता की भावना को विकसित करने के विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाग संघचालक राधेरमण जी ने की। अतिथियों का परिचय भाग कार्यवाह सुधीर राय ने कराया। कार्यक्रम की प्रस्तावना राजेश जी ने रखी, जबकि संचालन सह भाग कार्यवाह संतोष जी ने किया। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां भारती के चित्र पर पुष्पार्चन के साथ हुआ। समापन संघ की प्रार्थना के साथ किया गया।

इस अवसर पर भाग प्रचारक अरुणेश , सुभाषचंद्र बोस नगर विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव कुमार श्रीवास्तव, भाग बौद्धिक प्रमुख अनूप , नगर कार्यवाह महेश , नगर विस्तारक सत्यम , नगर विस्तारक श्याम नारायण सहित महानगर उत्तरी के विभिन्न विद्यालयों से आए युवा स्वयंसेवक उपस्थित रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / प्रिंस पाण्डेय