महाविद्यालयों में रोवर्स-रेंजर्स इकाइयां होंगी सक्रिय, 50 प्रभारियों को मिला प्रशिक्षण
मीरजापुर, 25 सितंबर (हि.स.)। मां विंध्यवासिनी विश्वविद्यालय में शुक्रवार को भारत स्काउट एवं गाइड की ओर से रोवर्स-रेंजर्स महाविद्यालय प्रभारी प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इसमें संबद्ध महाविद्यालयों के शिक्षकों को इकाइयों के गठन, संचालन और प्रशिक्षण प्रक्रिया की जानकारी दी गई। करीब 50 प्रतिभागियों ने कार्यशाला में हिस्सा लिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता कुलपति प्रो. शोभा गौड़ ने की। उन्होंने कहा कि रोवर्स-रेंजर्स गतिविधियों के जरिए विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व और सामाजिक जिम्मेदारी से जुड़ी गतिविधियों में भाग लेने का अवसर मिलता है। उन्होंने महाविद्यालयों में इकाइयों के गठन पर जोर दिया।
मुख्य प्रशिक्षक संयुक्त प्रादेशिक संगठन आयुक्त मयंक शर्मा ने रोवर्स-रेंजर्स की गतिविधियों और इकाई संचालन की प्रक्रिया समझाई। उन्होंने बताया कि विद्यार्थी प्रशिक्षण और सेवा गतिविधियों में भाग लेने के साथ प्रवेश स्तर से राज्य और राष्ट्रपति पुरस्कार तक की निर्धारित प्रक्रियाओं में शामिल हो सकते हैं। बीएसजी स्कॉलरशिप समेत अन्य अवसरों की भी जानकारी दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान आपदा प्रबंधन, समाज सेवा और प्रकृति संरक्षण से जुड़े विषयों पर चर्चा हुई। प्रभारी शिक्षकों को विद्यार्थियों को नियमित गतिविधियों से जोड़ने और इकाइयों के संचालन से संबंधित व्यावहारिक जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में कुलसचिव राम नरायन, परीक्षा नियंत्रक हरीश चंद्र, चंद्रकांत, आनंद कुमार मौर्य, अमरावती, कादंबरी और यादव समेत अन्य लोग मौजूद रहे। मुख्य आयुक्त प्रो. सूबेदार यादव ने आभार जताया। संचालन राजेश कुमार प्रजापति ने किया।
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा