रोटरी क्लब ने ‘उड़ान’ कार्यक्रम में 100 से अधिक बच्चों को बांटे स्कूल बैग, चिकित्सकों ने किया स्वास्थ्य परीक्षण

 


फर्रुखाबाद, 26 नवंबर (हि.स.)। शिक्षा और स्वास्थ्य के प्रति बच्चों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ फर्रुखाबाद ने अमेठी कोहना स्थित जूनियर विद्यालय में ‘उड़ान’ कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें 100 से अधिक छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए गए। साथ ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण कर जरूरतमंदों को निःशुल्क दवाइयां उपलब्ध कराईं।

कार्यक्रम में डॉ. बीके चौधरी, डॉ. शिवाशीष उपाध्याय, डॉ. वीके गुप्ता, डॉ. एसपी सिंह, डॉ. रोहित तिवारी, डॉ. प्रशांत श्रीवास्तव, डॉ. सुरभि, डॉ. आकांक्षा, डॉ. सरोज बाला और डॉ. अनुराग अग्रवाल ने बच्चों की स्वास्थ्य जांच की। चिकित्सकों ने आवश्यक परामर्श देते हुए बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी भी दी।

रोटरी क्लब ऑफ फर्रुखाबाद के अध्यक्ष रोटेरियन दीपक खन्ना ने कहा कि क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य और समाजसेवा के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रहा है। ‘उड़ान’ कार्यक्रम का उद्देश्य जरूरतमंद बच्चों को पढ़ाई के लिए आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने के साथ उनके स्वास्थ्य की देखभाल सुनिश्चित करना है। उन्होंने कहा कि स्कूल बैग बच्चों के लिए केवल शैक्षिक सामग्री रखने का साधन नहीं, बल्कि उनके सपनों और बेहतर भविष्य की दिशा में आगे बढ़ने का माध्यम भी है।

कार्यक्रम में पहुंचे जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी विश्व प्रताप सिंह ने छात्र-छात्राओं को स्कूल बैग वितरित किए। उन्होंने रोटरी क्लब के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षा के साथ स्वास्थ्य पर भी समान रूप से ध्यान देना जरूरी है।

कार्यक्रम का संचालन मोनिका खन्ना ने किया, जबकि विद्यालय के प्रभारी पुष्पेंद्र सिंह ने व्यवस्थाएं संभालीं। इस अवसर पर रोटरी क्लब के संदीप अग्रवाल, हर्षित मेहरोत्रा, नेहा श्रीवास्तव, शरद रस्तोगी, नेहा रस्तोगी, रितु गुप्ता, पूर्वी मेहरोत्रा, सारिका चौधरी और उदित अग्रवाल सहित क्लब के अनेक सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के माध्यम से रोटरी क्लब ने जरूरतमंद बच्चों की शिक्षा और स्वास्थ्य को सहयोग देने के साथ सामाजिक सहभागिता एवं सेवा का संदेश दिया।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / चंद्रपाल सिंह सेंगर