मीरजापुर में मकान ढहने से मलबे में दबकर चार मजदूरों की मौत
मीरजापुर, 05 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर में अहरौरा थाना क्षेत्र के भगौतीदेई स्थित एसएस रंजन स्टोन प्लांट के पास शनिवार को कमरा ढहने से चार मजदूरों की मलबे में दबकर मौत हो गई। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। हादसे की सूचना मिलने पर मंडलायुक्त राजेश प्रकाश, डीआईजी पूनम, जिलाधिकारी पवन कुमार गंगवार और पुलिस अधीक्षक अपर्णा रजत कौशिक भी घटनास्थल पर पहुंचे।
जिलाधिकारी ने बताया कि भगाैती देई गांव में पिंटू सिंह का क्रशर प्लांट हैँ, जिसमें साेनभद्र के बड़गांवा गांव निवासी लाल बहादुर, अशाेक, राकेश और दुर्याेधन मजदूरी करते थे। मजदूर क्रेशर प्लांट के पास स्थित कमरे में रहते थे। शनिवार काे सभी मजदूर घर में माैजूद थे, तभी कमरा भर-भराकर ढह गया। मलबे में चाराें मजदूर दब गए। हादसा होते ही आसपास मौजूद लोगों ने मलबे में दबे मजदूरों को निकालने का प्रयास शुरू किया और इसकी सूचना पुलिस-प्रशासन को दी गई। जानकारी मिलते ही पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची तथा राहत एवं बचाव कार्य शुरू कराया।
हादसे की सूचना मिलने पर अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण कर हादसे की जानकारी ली।
उन्होंने घटनास्थल की स्थिति और हादसे से जुड़े विभिन्न पहलुओं को देखा तथा संबंधित अधिकारियों को पूरे मामले की जांच के निर्देश दिए।
हादसे में जान गंवाने वाले मजदूराें के परिजन को दे दी है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जिलाधिकारी ने कहा कि प्रशासन की ओर से हादसे के कारणों की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद ही कमरे के ढहने की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा