कानपुर : दिवाली की सुबह मकान की छत ढही, मां-बेटी और 20 दिन के मासूम की मौत

 


कानपुर, 08 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर में पनकी थाना क्षेत्र में पड़ाव इलाके में रविवार को एक पुश्तैनी मकान की छत अचानक भरभराकर गिर गई। हादसे में मलबे के नीचे दबकर सास, बहू और 20 दिन के मासूम की मौत हो गई, जबकि परिवार का एक सदस्य घायल हो गया। चीख-पुकार सुनकर पहुंचे परिजनों और पड़ोसियों ने काफी मशक्कत के बाद मलबा हटाकर चारों को बाहर निकाला। सभी को कल्याणपुर सीएचसी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया।

हादसा पनकी थाना क्षेत्र के पनकी पड़ाव में यह हादसा सुबह करीब साढ़े आठ से नौ बजे के बीच हुआ। मृतकों की पहचान विनोदिनी शुक्ला (60), अंशिका शुक्ला (28) और उनके 20 दिन के बेटे आरव के रूप में हुई। हादसे में हर्ष को मामूली चोटें आई हैं। बताया गया कि घटना के समय परिवार के सदस्य मकान के अलग-अलग कमरों में थे। हर्ष अपनी मां के साथ कमरे में बैठा था, जबकि उसकी पत्नी अंशिका बच्चे को गोद में लेकर दूध पिला रही थी। इसी दौरान कमरे की बांस-बल्लियों और मिट्टी से बनी छत अचानक नीचे आ गिरी।

छत गिरते ही कमरे में मौजूद लोग मलबे में दब गए। आवाज सुनकर दूसरे कमरे में मौजूद परिजन दौड़े और आसपास के लोगों की मदद से बचाव कार्य शुरू किया। हर्ष के परिजनों ने भी मलबा हटाकर सभी को बाहर निकाला। हादसे में विनोदिनी के सिर में गंभीर चोट आई, जबकि अंशिका और मासूम आरव मलबे में दब गए।

पड़ोसियों के मुताबिक, मलबा हटाने पर अंशिका पेट के बल पड़ी मिली। उसने अपने बच्चे को सीने से लगाकर बचाने की कोशिश की थी। आरव उसकी गोद के नीचे था और अंशिका ने उसे कसकर पकड़ रखा था। अस्पताल में तीनों की मौत की पुष्टि होने के बाद परिजन शव लेकर घर पहुंच गए। इस बीच पड़ोसियों ने पुलिस को सूचना दे दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को पोस्टमार्टम के लिए राजी किया।

परिजनों के मुताबिक, मकान करीब 35 साल पुराना पुश्तैनी भवन है। इसमें चार कमरे हैं और छत बांस-बल्लियों के सहारे मिट्टी से बनाई गई थी। घटना के समय परिवार के कुछ सदस्य दूसरे कमरे में थे, जिससे वे हादसे की चपेट में आने से बच गए।

डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि मकान की छत गिरने से तीन लोगों की मौत हुई है। शुरुआती जांच में पानी के रिसाव के कारण छत पर भार बढ़ने की आशंका है। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मौके पर राजस्व विभाग की टीम भी मौजूद है। मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप