रक्षाबंधन पर रोडवेज की बढ़ेगी रफ्तार, 95 बसों के बढ़ेंगे फेरे

 


मीरजापुर, 22 अगस्त (हि.स.)। रक्षाबंधन पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने विशेष तैयारी की है। बहनों को भाइयों तक पहुंचाने के लिए 26 से 31 अगस्त तक प्रमुख मार्गों पर बसों के अतिरिक्त फेरे लगाए जाएंगे। मीरजापुर रोडवेज की करीब 95 बसें यात्रियों की मांग के अनुसार वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, जौनपुर और भदोही समेत अन्य मार्गों पर अतिरिक्त चक्कर लगाएंगी।

रक्षाबंधन के दौरान बसों का अधिकतम संचालन सुनिश्चित करने के लिए चालक-परिचालकों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना लागू की गई है। निर्धारित शर्तों के तहत 26 से 31 अगस्त के बीच 1800 किलोमीटर बस संचालन पूरा करने वाले पात्र चालक-परिचालकों को 1200 रुपये की एकमुश्त प्रोत्साहन राशि दी जाएगी। वहीं 1800 किलोमीटर से अधिक दूरी तय करने वाले संविदा चालक-परिचालकों को अतिरिक्त दूरी के लिए 55 पैसे प्रति किलोमीटर की दर से प्रोत्साहन मिलेगा। योजना के लिए 64 प्रतिशत से अधिक लोड फैक्टर की शर्त भी रखी गई है।

374 कर्मचारियों पर होगी संचालन की जिम्मेदारी

मीरजापुर रोडवेज में करीब 152 चालक हैं, जिनमें 140 संविदा और 12 नियमित चालक शामिल हैं। परिचालकों की संख्या करीब 234 है। रक्षाबंधन के छह दिनों में इन्हीं कर्मचारियों के जिम्मे बसों के नियमित और अतिरिक्त फेरों का संचालन रहेगा।

मांग के अनुसार बढ़ेंगे फेरे

रक्षाबंधन पर वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, जौनपुर और भदोही मार्गों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। भीड़ के अनुसार इन मार्गों पर अतिरिक्त बसें और फेरे बढ़ाए जाएंगे, ताकि यात्रियों को बस अड्डों पर लंबे समय तक इंतजार न करना पड़े।

डिपो प्रभारी विशाल श्रीवास्तव ने बताया कि रक्षाबंधन पर यात्रियों की सुविधा प्राथमिकता है। 26 से 31 अगस्त तक मांग के अनुसार प्रमुख मार्गों पर बसों के फेरे बढ़ाए जाएंगे। चालक-परिचालकों को निर्धारित मानकों के अनुसार प्रोत्साहन राशि भी दी जाएगी। प्रयास रहेगा कि भाई-बहन सुरक्षित और समय से अपने गंतव्य तक पहुंच सकें।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा