हादसे में एमएससी के छात्र की मौत, दोस्त गंभीर घायल
औरैया, 02 नवबंर (हि. स.)। उत्तर प्रदेश के औरैया जनपद में दिबियापुर थाना क्षेत्र स्थित रुरुआ गांव के सामने सोमवार दोपहर सड़क हादसे में बाइक सवार एमएससी के 24 वर्षीय छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका दोस्त गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर पहुंचे परिजनों ने एंबुलेंस चालक पर लापरवाही का आरोप लगाया है।
ककोर निवासी पंकज का पुत्र अभय राज झींझक के एक स्कूल में एमएससी की पढ़ाई कर रहा था। सोमवार को वह बाइक से घर लौट रहा था। रुरुआ गांव के सामने उसकी बाइक हादसे का शिकार हो गई। दुर्घटना में अभय गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बाइक पर पीछे बैठे दयालपुर निवासी उसके दोस्त विशाल का हाथ टूट गया। परिजनों का आरोप है कि सूचना पर मौके पर पहुंची एंबुलेंस एक घायल को लेकर चली गई, जबकि गंभीर रूप से घायल अभय को सड़क पर ही छोड़ दिया। वह काफी देर तक सड़क पर पड़ा रहा। इसके बाद परिजन उसे निजी कार से मेडिकल कॉलेज लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
अभय की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। परिवार में अभय का एक छोटा भाई और एक बहन हैं। पढ़ाई कर रहे बेटे की अचानक मौत से परिजन गहरे सदमे में हैं।
-------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुनील कुमार