10.4 किमी सड़क बनेगी दो लेन, 25 करोड़ की लागत से दुर्गागंज–गोपीगंज–मीरजापुर मार्ग का शुभारंभ
मीरजापुर, 24 फ़रवरी (हि.स.)। जनपद में आवागमन को सुगम बनाने की दिशा में एक और कदम बढ़ाते हुए मंगलवार को दुर्गागंज–गोपीगंज–मीरजापुर मार्ग (एसएच-153ई) के चौड़ीकरण एवं सुदृढ़ीकरण कार्य का शुभारंभ तिलठी गांव में नगर विधायक रत्नाकर मिश्र ने विधिवत पूजा-अर्चना के साथ किया।
यह कार्य चैनेज 35.720 से 46.120 तक कुल 10.400 किलोमीटर लंबाई में दो लेन पेव्ड शोल्डर के रूप में किया जाएगा। परियोजना की स्वीकृत लागत 2519.77 लाख रुपये है। यह मार्ग चील्ह–गोपीगंज मार्ग पर भदोही जनपद की सीमा से लेकर चील्ह चौराहा तक विकसित किया जाएगा।
दुर्गागंज से निकलकर यह सड़क गोपीगंज में एनएच-19 को जोड़ते हुए चील्ह चौराहा पर एनएच-153ए से संपर्क स्थापित करती है। पूरे मार्ग की कुल लंबाई 46.12 किलोमीटर है, जिसमें से 10.400 किलोमीटर हिस्सा मीरजापुर जनपद में आता है। सड़क की चौड़ाई 7 मीटर से बढ़ाकर 10 मीटर तक किए जाने का प्रावधान है।
शुभारंभ अवसर पर विधायक रत्नाकर मिश्र ने कहा कि सड़क के चौड़ीकरण और सुदृढ़ीकरण से क्षेत्रवासियों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। उन्होंने बताया कि कार्य लगभग छह माह में पूर्ण होने की उम्मीद है। इससे मां मां विंध्यवासिनी के श्रद्धालुओं को विशेष लाभ होगा तथा दो राष्ट्रीय राजमार्गों के बीच की दूरी भी कम हो जाएगी।
उन्होंने कहा कि विंध्य कॉरिडोर बनने के बाद दर्शनार्थियों की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है, ऐसे में सड़क चौड़ीकरण आवश्यक था। विधायक ने अपने कार्यकाल में कराए गए पीपा पुल, पक्का पुल सहित अन्य विकास कार्यों और सरकारी योजनाओं की भी जानकारी दी।
इस अवसर पर अधिशासी अभियंता अशोक कुमार, सहायक अभियंता अजय कुमार वर्मा, बीके पांडेय, अवर अभियंता बीबी सिंह, मुस्ताक अहमद, प्रवीण चौहान तथा भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा