ट्रक ने ऑटो रिक्शा में मारी टक्कर, तीन सवारियाें की माैत
जौनपुर, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर जिले में मुंगराबादशाहपुर थाना क्षेत्रांर्गत सोमवार सुबह जौनपुर-रायबरेली हाईवे पर सवारियों से भरा ऑटो रिक्शा और ट्रक की टक्कर हो गई। हादसे में ऑटो रिक्शा में सवार तीन सवारियाें की माैत हो गई, जबकि तीन की हालत नाजुक है। घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।
थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे ने बताया कि एक ऑटो रिक्शा मुंगरा बादशाहपुर सवारियां लेकर आ रहा था। जैसे ही वह सतहरिया पुलिया के पास पहुंचा, सामने से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने उसमें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया। स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंचे थानाध्यक्ष अश्वनी कुमार दुबे और सतहरिया चौकी इंचार्ज धनंजय राय ने पुलिस बल के साथ राहत कार्य शुरू किया। किसी तरह ऑटो रिक्शा में फंसे सभी सवारियाें को बाहर निकालकर एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सतहरिया भेजा। इलाज के दौरान चिकित्सकों ने सोहसा निवासी प्रमोद कुमार मिश्र (53), धौरहरा निवासी शिवशंकर शर्मा (53) और गंगापुर निवासी बरसाती (42) को मृत घोषित कर दिया। घायलों में प्रणव पाण्डेय और अजीत यादव को वाराणसी रेफर कर दिया। नंदापुर निवासी राकेश बिंद का इलाज चल रहा है।
थानाध्यक्ष ने बताया कि परिजनों की तहरीर पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है।-------------------
हिन्दुस्थान समाचार / विश्व प्रकाश श्रीवास्तव