सीतापुर जिले में सड़क हादसा : तीन श्रमिकों की मौत, मुख्यमंत्री योगी ने हादसे पर जताया दुख

 


सीतापुर, 17 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में सीतापुर जिले में लखनऊ-सीतापुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर अटरिया थाना क्षेत्र के सहजनपुर गांव के पास मंगलवार की सुबह तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर-ट्रॉली को टक्कर मार दी। दुर्घटना में तीन श्रमिकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल में भर्ती कराते हुए डंपर को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने घटना का संज्ञान लेकर घायलों को बेहतर इलाज मुहैया कराने के निर्देश अधिकारियों को दिए हैं।

क्षेत्राधिकारी सिधौली वेद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि आज सुबह पांच बजे के आसपास सहजनपुर गांव के पास डंपर और ट्रैक्टर ट्राली की टक्कर हो गई। हादसे में भुलभुलिया निवासी गोविंद (22) बिनौरा निवासी नीलू (25) और रानीपुरवा निवासी आकाश (18) की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक सुशील कुमार और आकाश गंभीर रूप से घायल हैं। पुलिस ने दोनों को एंबुलेंस से सिधौली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां उनका उपचार जारी है।

जांच में पाया गया कि पांचों युवक लखनऊ में मजदूरी करके काम खत्म होने के बाद ट्रैक्टर-ट्रॉली से अपने घर जा रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार डंपर ने ट्रैक्टर ट्राली में टक्कर मार दी। हादसे में तीन युवकों की मौत हो गई, जबकि दो लोग घायल है। घटना के बाद चालक डंपर छोड़कर फरार हो गया है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर घायलों को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक