मीरजापुर : कार की टक्कर से दुकानदार की मौत, मुआवजे की मांग काे लेकर परिजनाें ने किया सड़क जाम
मीरजापुर, 08 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद मीरजापुर के जिगना थाना क्षेत्र के गौरा गांव के छतरीपुर मजरा में बुधवार रात कार की टक्कर से किराना दुकानदार की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने गुरुवार सुबह मीरजापुर-प्रयागराज मार्ग पर जाम लगा दिया। ग्रामीण पांच लाख रुपये मुआवजे और पुलिस द्वारा छाेड़े गये आराेपित कार सवार एक व्यक्ति की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं।
छतरीपुर निवासी लल्लन बिंद (45) पुत्र तेज प्रताप रात करीब दस बजे घर से लगभग चार सौ मीटर दूर स्थित अपनी किराना दुकान से लौट रहे थे। मनिकठी की ओर से गौरा जा रही कार ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे में लल्लन गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन उन्हें पीएचसी सर्रोंई ले गए, जहां प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. पुनीत अग्रवाल ने मृत घोषित कर दिया।
टक्कर के बाद कार सागौन के पेड़ से टकराकर पलट गई। पुलिस ने कार कब्जे में लेकर दो लोगों को हिरासत में लिया है। परिजन का आरोप है कि कार सवार एक व्यक्ति को पुलिस ने छोड़ दिया। कार से शराब की बोतल मिलने की भी बात सामने आई है। पुलिस के अनुसार कार चालक गौरा गांव का निवासी है।
थाना प्रभारी संजय सिंह ने बताया कि शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मुआवजे और गिरफ्तारी की मांग को लेकर ग्रामीणों ने थाने के सामने सड़क जाम किया है। समझाने के बावजूद ग्रामीण जाम पर डटे रहे।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा