ब्यूटी पार्लर जा रही युवती की मार्ग दुर्घटना में मौत

 


देवरिया, 28 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के देवरिया जनपद में बरियारपुर थाना क्षेत्र में मंगलवार को एक सड़क हादसे में ब्यूटी पार्लर जा रही युवती (दुल्हन) की मौत हो गई। घटना के बाद शादी वाले घर में मातम पसर गया।

बरियारपुर थाना प्रभारी दीपक सिंह ने बताया कि क्षेत्र के गौर कोठी के रहने वाली रचना (27) पुत्री मनिस्टर पासवान की मंगलवार की रात शादी थी। परिवारीजन बारात की तैयारियों में जुट थे और युवती रचना, दुल्हन की सजावट के लिए चचेरे भाई मुकेश के साथ ब्यूटी पार्लर जाने के लिए बाइक से निकली थी। रास्ते में अचानक सड़क हादसा हो गया। इस हादसे में रचना गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद उसे तत्काल उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने विधिक कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

वहीं इस घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। एक ओर जहां घर में शहनाई की गूंज थी, वहीं इस हादसे ने खुशियों को मातम में बदल गई।।-------------

हिन्दुस्थान समाचार / ज्योति पाठक