नोएडा सड़क हादसे में होटल संचालक की मौत
नोएडा, 16 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गाैतमबुद्धनगर नोएडा में थाना सेक्टर 39 क्षेत्र के सदरपुर कॉलोनी के पास हुए एक सड़क हादसे में एक होटल संचालक की मौत हो गई। मौके पर पहुंची पुलिस मामले की जांच कर रही है।
थाना सेक्टर 39 के प्रभारी निरीक्षक डीपी शुक्ल ने बताया कि रतीश कुमार झा (30) पुत्र नवीन झा निवासी ग्राम सुत्याना का बरौला गांव में जूस कॉर्नर के पास एक होटल है। गुरुवार की देर रात वह होटल से बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। वह छलेरा गांव के पास यू टर्न पर पहुंचे, तभी उनकी बाइक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको उपचार के लिए नोएडा के सेक्टर 39 स्थित जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान शुक्रवार की सुबह उनकी मौत हो गई है। थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। थाना प्रभारी ने बताया कि मृतक के परिजनों को सूचना दे दी गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी