पोते को स्कूल बस में छोड़कर घर लौट रही बुजुर्ग महिला को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत

 


नोएडा, 10 सितंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के गौतमबुद्धनगर नोएडा में थाना सेक्टर 113 क्षेत्र के परथला गांव के पास गुरुवार की सुबह अपने पोते को स्कूल बस में चढ़ाकर घर लौट रहीं 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला को एक अज्ञात वाहन चालक ने टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। उन्हें उपचार के लिए नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।

थाना सेक्टर- 113 के प्रभारी निरीक्षक प्रमोद कुमार सिंह ने बताया कि शीला ( 65) गढी चौखंडी गांव की रहने वाली थीं। वह 12वीं में पढ़ने वाले अपने पोते को आज सुबह स्कूल बस में चढ़ाने के लिए गई थीं। पोते को स्कूल बस में चढ़ाने के बाद वह वापस घर लौट रही थीं, तब ही परथला के पास डिवाइडर पार करते समय अज्ञात वाहन चालक ने उन्हें टक्कर मार दिया। इस घटना में वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। पुलिस द्वारा उन्हें नोएडा के जिला अस्पताल में भर्ती करवाया गया। उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई। उन्होंने बताया कि थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / सुरेश चौधरी