बेकाबू कार ने सेना की तैयारी के लिए दौड़ रहे नौ युवाओं को मारी टक्कर, घायल

 




मथुरा, 07 जुलाई (हि.स.)। जनपद में मंगलवार की भाेर में सौंख-गोवर्धन मार्ग पर नौकरी और सेना भर्ती की तैयारी के लिए सड़क पर दौड़ लगा रहे बछगांव के युवाओं को एक तेज रफ्तार कार ने पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में नाै युवक गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिनमें से कुछ की हालत नाजुक बनी है। घटना के बाद आरोपित चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया।

क्षेत्राधिकारी गोवर्धन अनिल कुमार सिंह ने बताया कि मंगलवार सुबह 5:30 बजे गोवर्धन रोड स्थित गांव बछगांव के 15 से अधिक स्थानीय युवा रोजाना की तरह नौकरी की तैयारी के लिए सड़क पर दौड़ कर रहे थे। गांव तसिया के पास पीछे से आ रही एर्टिंगा कार ने युवाओं को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बीनू, टीटू, कन्हैया लाल, चिंटू, जगमोहन, सौरव, दीपक, कन्हैया सिंह और पुष्पेंद्र सहित कुल 9 युवक घायल हाे गये। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक अमला मौके पर पहुंचा। सभी घायलाें को प्राथमिक उपचार के लिए केएम हॉस्पिटल, पालीडूंगरा में भर्ती कराया गया। बेहतर इलाज की आवश्यकता को देखते हुए घायल युवाओं को भरतपुर के लिए रेफर कर दिया गया है।

जिला पंचायत अध्यक्ष किशन चौधरी ने तुरंत केएम हॉस्पिटल के स्टाफ से संपर्क कर बच्चों के स्वास्थ्य की विस्तृत जानकारी ली। इसके साथ ही उन्होंने संबंधित प्रशासनिक और स्वास्थ्य अधिकारियों को तत्काल आवश्यक कार्रवाई और घायलों के लिए शीघ्र एवं उत्तम उपचार की निरंतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के सख्त निर्देश दिए हैं।-------------------

हिन्दुस्थान समाचार / महेश कुमार