स्कॉर्पियो की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार महिला सहित दो की मौत
फिरोजाबाद, 20 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फिरोजाबाद जिले में थाना सिरसागंज क्षेत्र अन्तर्गत कोरारा-बटेश्वर रोड पर रविवार देर रात सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार एक महिला सहित दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने सोमवार को मृतकों की पहचान के बाद शवों को पोस्टमार्टम कराया और परिजनों के सुपुर्द किए।
सिरसागंज थाना प्रभारी वैभव कुमार सिंह ने बताया कि क्षेत्र अन्तर्गत कोरारा-बटेश्वर रोड पर आमौर नहर के पास बीती देर रात एक सफेद रंग की स्कॉर्पियो ने एक मोटरसाइकिल में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल पर सवार एक महिला समेत पुरुष गंभीर रूप से घायल हो गए। स्थानीय लोगों की सूचना पर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल एम्बुलेंस से सीएचसी सिरसागंज भेजा, जहां डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजते हुए पहचान का प्रयास किया गया और घटना के बाद मौके पर स्कॉर्पियो छोड़ कर भागे चालक के वाहन को कब्जे में ले लिया।
थाना प्रभारी ने बताया कि सोमवार को मृतकों की पहचान शिकोहाबाद निवासी विनय कुमार शर्मा (45) और नीलम सिंह (45) के रूप में हुई है। शवों का पोस्टमार्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया और घटना की जांच के साथ की आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। --------------
हिन्दुस्थान समाचार / कौशल राठौड़