ट्रैक्टर की टक्कर से मां-बेटे समेत तीन की मौत
महोबा, 25 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के महोबा जनपद से गुजरे बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे की सर्विस रोड पर रविवार को तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार मां-बेटे समेत तीन लाेगाें की मौत हो गई।
हमीरपुर जनपद के थाना मौदहा के पाटनपुर गांव निवासी विमला (45) अपनी बहन मध्य प्रदेश के चंदला थाना क्षेत्र के वंशिया गांव निवासी कमला (40) के साथ मायके जनपद के खरेला थाना क्षेत्र के बरायं गांव आईं थीं। रविवार दोपहर विमला अपने पुत्र कपिल (18) और बहन कमला समेत अन्य परिजनों के साथ ग्राम रिवई भाई वरदानी के पुत्र का मुंडन कराने गई थीं। शाम लगभग चार बजे कपिल अपनी मां और मौसी को लेकर बाइक से वापस अपने घर लौट रहे थे।
बुंदेलखंड एक्सप्रेस-वे के सर्विस रोड पर पुन्नियां-गहरौली मोड़ के पास ग्राम गहरौली की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी। टक्कर से तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंची खरेला पुलिस ने तीनों को सीएचसी पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर जिला अस्पताल रेफर किया गया, जहां चिकित्सक ने तीनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं, घटना के बाद चालक वाहन छाेड़कर फरार हाे गया है।
खरेला थाना प्रभारी नन्हेलाल यादव ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। चालक को जल्द गिरफ्तार किया कर लिया जाएगा।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / उपेन्द्र द्विवेदी