शादी समाराेह से घर लाैट रहे बाइक सवार युवक की सड़क हादसे में माैत, साथी भी घायल
लखनऊ, 27 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के इंटौजा थाना क्षेत्र में साेमवार सुबह ट्रक की टक्कर से बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई। उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
स्थानीय चौकी प्रभारी अरविन्द तिवारी ने आज बताया कि सूचना मिली कि कुम्हरांवा रोड, सोनारन पुरवा के पास एक ट्रक एवं मोटरसाइकिल के बीच टक्कर हो गई, जिसमें बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई दूसरा युवक घायल है। सूचना पाकर पुलिस बल तत्काल मौके पर पहुंचा और देखा कि ट्रक संख्या (यूपी 34 सी 9129) एवं मोटरसाइकिल के बीच हुई टक्कर में बाइक सवार बाहर गांव निवासी (25) प्रशांत सिंह की मौके पर ही मृत्यु हो गई। उसका साथी माधवपुर निवासी वीरपाल गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को तत्काल नजदीकी अस्पताल भेजा, जहां से उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए ट्रामा सेंटर, केजीएमयू लखनऊ रेफर कर दिया।
परिवार से पता चला है कि दोनों युवक आपस में मित्र थे और विगत रात्रि जनपद बाराबंकी में एक शादी समारोह में गये थे। आज सुबह अपने घर लौट रहे थे, तभी यह दुर्घटना हुई। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। घटना के उपरांत चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया, जिसकी तलाश की जा रही है। ट्रक को पुलिस कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की।
----------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक