लखनऊ : सड़क हादसे में मोटर साइकिल सवार की माैत

 


लखनऊ, 17 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के काकोरी थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह सड़क हादसे में एक मोटर साइकिल सवार व्यक्ति की मौत हो गई है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी। वहीं घटना में कार चालक को हिरासत में लिया गया है।

काकोरी थाना प्रभारी सतीश चन्द्र ने बताया कि आज सुबह बेहटा चौराहा पर एक कार (यूपी 32 जेडब्ल्यू 8720,) की एक मोटरसाइकिल से टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार ग्राम बेहटा निवासी आशीष यादव (40) घायल हो गये। सूचना पर पहुंची एंबुलेंस से उन्हें तत्काल सीएचसी सरोजिनी नगर भेजा गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

काकोरी थाना प्रभारी ने बताया कि घटना की सूचना पर मृतक के परिजन अस्पताल पर मौजूद हैं। दुर्घटना में सम्मिलित कार को पुलिस ने कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लिया है। तहरीर प्राप्त कर अभियोग पंजीकृत किया जा रहा है तथा आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक