ट्रक की टक्कर से बाइक सवार दुकानदार की मौत
हमीरपुर, 10 अप्रैल (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर शहर से बाजार कर गांव लौट रहे एक बाइक सवार दुकानदार को शुक्रवार को तेज रफ्तार ट्रक ने जोरदार टक्कर मार दी। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। इस दुर्घटना में दुकानदार की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया गया।
कोतवाल पवन कुमार पटेल ने बताया कि मृतक की पहचान 40 वर्षीय मनोज निषाद के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद फतेहपुर के भरसा गांव के निवासी और वर्तमान में थाना सजेती क्षेत्र के असवारमऊ गांव में रह रहे थे। वह गांव में परचून की दुकान चलाकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। बताया गया कि मनोज हमीरपुर मुख्यालय बाजार में दुकान का सामान लेने आए थे। सामान लेकर बाइक से घर लौटते समय सजेती थाना क्षेत्र के जवाहर नाला के पास तेज रफ्तार ट्रक ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचलते हुए फरार हो गया।
असवारमऊ के ग्राम प्रधान महावीर निषाद ने बताया कि मनोज को जिला अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मनोज कई वर्षों से अपने ननिहाल असवारमऊ में रह रहे थे और वहीं दुकान चलाते थे। मृतक के परिवार में पत्नी गीता, एक पुत्र और एक पुत्री हैं। घटना के बाद पत्नी गीता बेसुध हो गईं, वहीं पूरे परिवार में मातम पसरा हुआ है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए मामले की जांच शुरू कर दी है। कोतवाल पवन कुमार पटेल ने बताया कि शव कब्जे में लेकर ट्रक चालक की तलाश कराई जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / पंकज मिश्रा