विंध्यवासिनी दर्शन को जा रहे युवक की सड़क हादसे में मौत

 


मीरजापुर, 22 मार्च (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के मीरजापुर जिले में मां विंध्यवासिनी देवी के दर्शन काे जा रहे एक युवक की अहरौरा थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव काे कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।

चंदौली जनपद के चकिया थाना क्षेत्र के मुजफ्फरपुर निवासी वैभव दूबे (23) रविवार को बाइक से विंध्याचल दर्शन काे जा रहे थे। सुबह करीब 11 बजे अहरौरा-चकिया मार्ग पर आनंदीपुर गांव के पास स्थित एक पेट्रोल पंप के सामने उनकी बाइक की टक्कर दूसरी बाइक से हो गई, जिससे वह सड़क पर गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रही तेज रफ्तार अज्ञात वाहन उसें कुचलते हुए निकल गया। हादसे में वैभव की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी अजय कुमार मिश्र ने बताया कि परिजनाें से पता चला है कि वैभव दूबे अहरौरा स्थित एक बाइक एजेंसी में काम करता था। रविवार को अवकाश लेकर दर्शन के लिए विंध्याचल जा रहा था। रास्ते में हुए सड़क हादसे में उसकी माैत हाे गई। वह दो भाइयों में छोटा था। पुलिस ने तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर अज्ञात वाहन की तलाश में जुट गई।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा