वाहन की टक्कर से दूधिया की मौत, ग्रामीणों ने लगाया जाम
मीरजापुर, 01 मार्च (हि.स.)। राजगढ़ थाना क्षेत्र के डढ़िया बंगलीपुर पहाड़ी के पास रविवार को अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दूधिया विक्रेता की ही मौत हो गई। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने मीरजापुर-सोनभद्र मार्ग पर चक्का जाम कर आरोपित वाहन चालक की गिरफ्तारी की मांग की।कार्रवाई का भाराेसा देकर पुलिस ने शांत कराया।
राजगढ़ थाना प्रभारी वेद प्रकाश पांडेय ने बताया कि मड़िहान थाना क्षेत्र के कुन्दरूप गांव निवासी 45 वर्षीय सतीश यादव उर्फ झगड़ू गांव-गांव घूमकर दूध खरीदने का काम करते थे। रविवार को वह दूध लेकर खोवा भुजवाने बाइक से भावा बाजार जा रहे थे। जैसे ही वह बंगलीपुर पहाड़ी के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे अज्ञात वाहन ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में सतीश यादव की मौके पर ही मौत हो गई।
मृत्यु की खबर फैलते ही ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया और उन्होंने मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। जाम के कारण दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने समझा-बुझाकर तीन घंटे बाद जाम खुलवाया, तब जाकर यातायात बहाल हो सका। थाना प्रभारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच की जा रही है। अज्ञात वाहन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा