लखनऊ सड़क हादसे में किशाेर समेत दाे की माैत
लखनऊ, 28 फरवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में दो अलग-अलग थाना क्षेत्र में हुए सड़क हादसों में दो लोगों की मौत हो गई। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी।
बिजनौर थाना प्रभारी कपिल गौतम ने बताया कि शनिवार सुबह 10 बजे किसान पथ पर नटकुर अंडरपास के पास सर्विस रोड पर सड़क दुर्घटना की सूचना मिली कि दो ट्रकों की टक्कर हो गई। हादसे में ट्रक क्लीनर घायल हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस टीम घायल व्यक्ति को इलाज के लिए सीएचसी सरोजनीनगर भेजा, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
मौके पर मौजूद ट्रक चालक फुरकान ने बताया कि सड़क हादसे में जान गंवाने वाला ट्रक क्लीनर उन्नाव जिले के सिमरा गांव निवासी संदीप (35) है। उसने यह बताया कि वह ट्रक लेकर झांसी से लखनऊ किसान पथ होते हुए गोरखपुर जा रहे थे। नटकुर अंडरपास से उतरकर सर्विस रोड के किनारे ट्रक खड़ा करने के लिए संदीप नीचे उतरकर वाहन को किनारे लगवा रहा था, तभी पीछे से आ रहे दूसरे ट्रक लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए संदीप को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। चालक मौके से ट्रक लेकर फरार हो गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम भेजकर मामले की जांच में जुट गई।
इसी तरह सरोजनी नगर थाना क्षेत्र शुक्रवार देर रात को किसान पथ पिपरसंड अण्डरपास के पास एक सड़क दुर्घटना हुई। हादसे में पिपरसंड निवासी अभिजीत (22) की मृत्यु हो गई। सरोजनी नगर थाना प्रभारी राजदेवराम प्रजापति ने बताया कि घटना के बारे में पता चला है कि अभिजीत स्कूटी से जा रहा था। तभी डीसीएम ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में अभिजीत गंभीर रूप से घायल हो गया और इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त डीसीएम वाहन को कब्जे में लेकर चालक को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
--------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक