बदायूं सड़क हादसे में तीन बारातियों की मौत, पांच घायल

 


लखनऊ, 22 फ़रवरी (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद बदायूं में रविवार को उझानी कोतवाली स्थित बरेली मथुरा हाइवे पर दो बसों की टक्कर में तीन बारातियों की मौत हो गई, जबकि पांच लोग घायल हैं। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ ह्रदेश कठेरिया ने बताया कि उझानी कोतवाली स्थित बरेली मथुरा हाइवे पर आज सुबह रोडवेज बस और निजी बस की टक्कर हो गई। हादसे में निजी बस में सवार आठ बाराती घायल हो गये, जिन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। चिकित्सकों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया है, शेष घायलों का इलाज किया जा रहा है।

एएसपी ने बताया कि हादसे में जिन लोगों की माैत हुई हैं, उनकी पहचान कासगंज निवासी योगेश (32), बीवी सलेमपुर निवासी सोनू (21) और कछला के वार्ड नंबर पांच निवासी किशन (14) के रूप में हुई है। वहीं अन्य पांच लोग घायल है। कुछ लोगों को मामूली चोटे आई, जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। एएसपी ने बताया कि कासगंज के नगला भम्मन निवासी प्रेमपाल के बेटे की 21 फरवरी को शादी थी। शनिवार रात को निजी बस से बारात जिला शाहजहांपुर के पटना बारकेला गांव गयी थी। विवाह सम्पन्न होने के बाद रविवार सुबह बारात लौट रही थी। तभी बरेली मथुरा हाइवे पर कासगंज से आ रही रोडवेज बस की टक्कर हो गई। हादसे में तीन लोगें की मौत हो गई है। पुलिस ने दोनों वाहनों के चालकाें को हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।

----------------

हिन्दुस्थान समाचार / दीपक