कानपुर में ओवरटेक के दौरान दो माेटरसाइकिलाें में भिड़ंत, एक की मौत, चार घायल

 


कानपुर, 11 नवंबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जनपद कानपुर के बिठूर थाना क्षेत्र के नारामऊ में बुधवार को जीटी रोड पर ओवरटेक करने के दौरान दो तेज रफ्तार माेटरसाइकिलाें की आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइकों पर सवार पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने राहगीरों की मदद से सभी को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक को चिकित्सकाें ने मृत घोषित कर दिया। वहीं चार घायलों का अलग-अलग अस्पतालों में उपचार चल रहा है।

मृतक की पहचान कल्याणपुर निवासी रंजीत सोनकर (30) के रूप में हुई है। वह साथी सुजीत के साथ बाइक से जा रहे थे। दूसरी बाइक पर मयंक दुबे, शुभम मिश्रा और तन्वी सवार थे। बताया जा रहा है कि नारामऊ स्थित सागर ढाबे के पास दोनों माेटरसाकिलाें पर सवार एक-दूसरे से आगे निकलने के प्रयास में गलत दिशा से ओवरटेक करने लगे। इसी दौरान दोनों बाइकों में जोरदार टक्कर हो गई और सभी लोग सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया। रंजीत को सीएचसी चौबेपुर ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं गंभीर रूप से घायल सुजीत को मंधना स्थित रामा अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दूसरी बाइक पर सवार मयंक दुबे, शुभम मिश्रा और तन्वी का कल्याणपुर स्थित निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सूचना पर पहुंची बिठूर पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त बाइकों को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। डीसीपी वेस्ट एसएम कासिम आबिदी ने बताया कि हादसे में एक युवक की मौत हुई है, जबकि चार घायल हैं। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप