मोटरसाइकिल सवार युवक को अज्ञात वाहन ने मारी टक्कर, मौत
-10 दिन पूर्व हुई थी युवक की शादी
फतेहपुर, 29 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के फतेहपुर जिले में सोमवार को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने मोटरसाइकिल सवार युवक को कुचल दिया। युवक की मौके पर ही मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में मातम छा गया। युवक की 10 दिन पूर्व शादी हुई थी।
कोतवाल हेमंत कुमार मिश्रा ने बताया कि मलवां थाना क्षेत्र के चक्की नाका गांव निवासी श्यामू (32) की शादी बीते 19 जून को धूमधाम से हुई थी। शादी के बाद चौथी की रस्म के लिए आए रिश्तेदारों को दहेज में मिली नई मोटरसाइकिल से फतेहपुर रेलवे स्टेशन छोड़ने गया था। रिश्तेदारों को छोड़कर जब वह वापस घर लौट रहा था, तभी सदर कोतवाली के नौवाबाग स्थित राष्ट्रीय राजमार्ग-दाे पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर लगते ही श्यामू सड़क पर गिर गया और पीछे से आ रहे भारी वाहन का पहिया उसके सिर के ऊपर से गुजर गया। युवक ने हेलमेट पहन रखा था, लेकिन हेलमेट टक्कर से दूर जा गिरा और सिर में गंभीर चोट लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची सदर कोतवाली पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और फरार अज्ञात वाहन की पहचान कर उसकी तलाश में जुटी है।------------------
हिन्दुस्थान समाचार / देवेन्द्र कुमार