बाराबंकी में अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौत

 


बाराबंकी, 13 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में बाराबंकी जिले के सफदरगंज थाना क्षेत्र में शनिवार सुबह लखनऊ-अयोध्या राष्ट्रीय राजमार्ग पर अज्ञात वाहन की टक्कर से बाइक सवार दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया।सूचना पर पहुंची पुलिस मामले की जांच में जुट गई।

थाना प्रभारी अमर चौरसिया ने बताया एक मृतक की पहचान सतरिख थाना क्षेत्र के हरख गांव निवासी युवक के रूप में हुई है, जबकि दूसरे युवक की शिनाख्त के प्रयास जारी हैं। दोनों युवक बाइक से सफदरगंज की ओर से बाराबंकी जा रहे थे। इसी दौरान दादरा चौराहे के निकट पीछे से तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवकों ने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। सूचना मिलते ही सफदरगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी ने बताया दुर्घटना को अंजाम देने वाले अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाला जा रहा है तथा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / पंकज कुमार चतुवेर्दी