अवैध मिट्टी खनन कर भाग डंपर ने महिला काे राैंदा, माैत
अमेठी, 10 जून (हि.स.)। जिले की कोतवाली क्षेत्र के कटरा हुलासी गांव में अवैध मिट्टी खनन कर भाग रहे एक बिना नंबर के डंपर ने जानवर चरा रही महिला को कुचल दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। ग्रामीणों में भारी आक्रोश देखने को मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश में जुटी हुई है।
कटरा हुलासी गांव निवासी शंकर देई पत्नी सदाशिव विश्वकर्मा गांव के बाहर जानवर चरा रही थीं। इसी दौरान मिट्टी लादकर जा रहे एक तेज रफ्तार डंपर ने उन्हें टक्कर मार दी और कुचलते हुए निकल गया। हादसा इतना भीषण था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने डंपर का पीछा कर उसे पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और डंपर को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने महिला के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि क्षेत्र में लंबे समय से अवैध मिट्टी खनन का कारोबार चल रहा है और इसकी जानकारी स्थानीय पुलिस को भी है, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं की जा रही है। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि इसी लापरवाही का परिणाम यह हादसा है।
काेतवाल श्रीराम पांडेय ने बताया कि घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। दुर्घटना में मृत महिला की पहचान शंकर देई (65) पत्नी सदाशिव विश्वकर्मा निवासी कटरा हुलासी के रूप में हुई है। दुर्घटना करने वाले डंपर को कब्जे में लेकर चालक की तलाश की जा रही है। परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / लोकेश त्रिपाठी