ट्रक की टक्कर से पिता की मौत, बेटा गंभीर घायल

 


कानपुर, 08 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के कानपुर जिले में सचेंडी थाना क्षेत्र अंतर्गत सोमवार को सड़क हादसे में पिता की जान चली गई, जबकि उनका पुत्र गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा धर्मंगदपुर नहर पुल के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार ट्रक ने मोटरसाइकिल को टक्कर मार दी।

उन्नाव जिले के असोहा क्षेत्र के बीजऊ गांव निवासी दयाशंकर शर्मा (58) अपने बेटे के साथ मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। जब वे धर्मंगदपुर नहर पुल के पास पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे एक ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों सड़क पर जा गिरे। हादसे में दयाशंकर शर्मा ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि उनका बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई और पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर हादसे की जानकारी परिजनों को दी।

थाना प्रभारी दीना नाथ मिश्रा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि ट्रक काफी तेज गति से चल रहा था। दुर्घटना के बाद चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया। ट्रक को कब्जे में लेकर फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है।--------------------

हिन्दुस्थान समाचार / रोहित कश्यप