गाजीपुर सड़क हादसे में एक ही परिवार की दाे महिलाओं समेत तीन की मौत
गाजीपुर, 07 जून (हि.स.)। उत्तर प्रदेश में गाजीपुर जिले के सैदपुर कोतवाली क्षेत्र में रविवार को एक बस की टक्कर से बाइक सवार एक ही परिवार के तीन लोगों की मौत हो गई है। वहीं, पिता और पुत्री घायल है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच की जा रही है।
सैदपुर कोतवाल राजेश त्रिपाठी ने बताया कि मीरजापुर जिले के शाहपुर गांव में रहने वाला प्रतीक उसकी पत्नी काजल, दो बच्चे श्रेया, शेजल और भाभी रितु देवी के साथ रिश्तेदार के यहां आजमगढ़ गये थे। आज वह वापस अपने घर लौट रहे थे। शफीपुर अंडरपास के पास पीछे से तेज रफ्तार बस ने बाइक में टक्कर मार दी। बाइक में बैठे सभी लोग सड़क पर गिर पड़े और बस का पहिया काजल, रितु और बच्चे शेजल पर चढ़कर निकल गया। हादसे में तीनों की मौत हो गई, जबकि प्रतीक और बेटी श्रेया घायल है। घटना के बाद भाग रहे बस चालक को राहगीरों ने पकड़कर पुलिस के सुपुर्द कर दिया। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम भेजकर परिजनों की तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दीपक