सुल्तानपुर : राेडवेज बस की टक्कर से लखनऊ-बलिया हाईवे पर बाइक सवार दाे युवकाें की मौत
सुलतानपुर, 31 अक्टूबर (हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जिला सुलतानपुर में लखनऊ-बलिया हाईवे पर कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के पदारथपुर उपाध्याय गांव के पास रोडवेज बस ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की मौत हो गयी । हादसे में दोनों युवकों की मौत हो गयी। हादसा शनिवार दोपहर करीब 12:15 बजे हुआ।
कादीपुर कोतवाली अंतर्गत दौलतपुर निवासी दीपक विश्वकर्मा (21) पुत्र संतोष विश्वकर्मा और मालापुर चंदौली निवासी मुकेश (27) पदारथपुर उपाध्याय के खरगूपुर पुरवे से दोनों बाइक सवार फर्नीचर का काम करने राईबिगो के लिए निकले थे। जैसे ही दोनों पदारथपुर उपाध्याय गांव के पास पहुंचे तभी रोडवेज बस सुलतानपुर से कादीपुर की तरफ जा रही थी जिससे टक्कर हो गई। इससे दोनों युवक सड़क पर गिरे, उन्होंने हेलमेट नहीं पहन रखा था। हेडइंजरी होने से दोनों ने घटना स्थल पर ही दम तोड़ दिया।
स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जमा हो गई। लोगों ने पुलिस को सूचना दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों शवों का पंचायत नामा भरवाने की कार्रवाई की। वहीं रोडवेज बस को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। बताया जा रहा है कि घटनास्थल पर हल्की टर्निंग है जिसके चलते ये हादसा हुआ है।
परिजनाें ने बताया कि दीपक फर्नीचर का काम करता है, और कादीपुर में मंदिर वाली गली में उसकी दुकान है। वो चार भाइयों में तीसरे नंबर पर है। घटना के बाद से मां मधुबाला का रो-रोकर बुरा हाल है। मृतक मुकेश भी चार भाइयों में तीसरे नंबर पर था। उसके माता पिता की मृत्यु पहले ही हो चुकी है। मुकेश की भी शादी हो चुकी है उसके तीन संतान है। जिनमें मानवी बेटी की उम्र लगभग 15 वर्ष कक्षा 8 में पढ़ती है, शिवा उम्र लगभग 12 वर्ष, कक्षा 7 में पढ़ता है और ऋषभ उम्र लगभग 11 वर्ष कक्षा 6 का छात्र है। कादीपुर सीओ विनय गौतम ने बताया शवों को पोस्टमार्टम में भेजकर मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / दयाशंकर गुप्त