जौनपुर में रालोद का युवा संवाद कार्यक्रम, सैकड़ों युवाओं ने ली पार्टी की सदस्यता

 


युवाओं को पार्टी से जोड़ने के लिए प्रदेशभर में चल रहा अभियान, 30 नवंबर तक सभी जिलों में संवाद कार्यक्रम पूरा करने का लक्ष्य

लखनऊ/जौनपुर, 22 अक्टूबर(हि.स.)। उत्तर प्रदेश के जौनपुर में गुरुवार को युवा राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के तत्वावधान में युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। कन्हईपुर भूपतपट्टी वन विहार रोड स्थित धीरेंद्र प्रताप सिंह के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम में युवा नेता शुभम सिंह के नेतृत्व में सैकड़ों युवाओं ने राष्ट्रीय लोक दल की सदस्यता ग्रहण की।

कार्यक्रम में युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र सिंह पटेल मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। अध्यक्षता रालोद के जिलाध्यक्ष रघुनाथ यादव ने की, जबकि संचालन काशी क्षेत्र के क्षेत्रीय अध्यक्ष रामआसरे विश्वकर्मा ने किया। कार्यक्रम का संयोजन युवा रालोद के प्रदेश महासचिव ठाकुर शैलेंद्र कश्यप उर्फ छोटू सिंह ने किया।

युवा संवाद को संबोधित करते हुए रविन्द्र सिंह पटेल ने पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह और चौधरी अजित सिंह के समाजहित में किए गए कार्यों का उल्लेख किया। उन्होंने रालोद के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के नेतृत्व की सराहना करते हुए युवाओं से संगठन से जुड़ने का आह्वान किया।

पटेल ने कहा कि युवा रालोद प्रदेशभर में युवाओं को संगठन से जोड़ने के उद्देश्य से पिछले एक महीने से युवा संवाद कार्यक्रम आयोजित कर रहा है। अब तक करीब 22 जिलों में ऐसे कार्यक्रम हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि 30 नवंबर तक प्रदेश के शेष जिलों में भी युवा संवाद कार्यक्रम पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इसके बाद सभी जनपदों में जिला कार्यकर्ता सम्मेलन आयोजित किए जाएंगे।

कार्यक्रम में रालोद के पूर्व जिलाध्यक्ष धनीराम यादव, डॉ. सत्येंद्र सिंह, सुनील सिंह, मिर्जापुर के जिलाध्यक्ष शिव शंकर पांडेय, भदोही के जिलाध्यक्ष सुनील पटेल, वाराणसी के जिलाध्यक्ष कृष्ण कुमार विश्वकर्मा, युवा रालोद के प्रदेश उपाध्यक्ष धर्मराज यादव, प्रदेश महासचिव डॉ. विनोद पटेल, क्षेत्रीय अध्यक्ष सूर्य प्रताप सिंह पंचू पटेल और युवा रालोद के वाराणसी जिलाध्यक्ष राहुल पटेल प्रमुख रूप से मौजूद रहे।

इसके अलावा आकाश विश्वकर्मा, सुरेंद्र यादव, अनुपम विशेन, अनमोल सिंह, अशोक सिंह, प्रशांत सिंह, अभिषेक सिंह, अंकुल यादव, अशोक यादव प्रधान, आदित्य नारायण शर्मा, पारस नाथ चौधरी, जौनपुर नगर अध्यक्ष हेमंत शर्मा, बृजेश यादव, अब्दुल सलाम और सद्दाम हुसैन सहित बड़ी संख्या में किसान एवं युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा