रालोद के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह 13 अगस्त को आएंगे लखनऊ, कार्यकर्ता करेंगे स्वागत

 


लखनऊ, 09 अगस्त (हि.स.)। राष्ट्रीय लोक दल (रालोद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी द्वारा बस्ती राजघराने से ताल्लुक रखने वाले ऐश्वर्य राज सिंह को उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष नियुक्त किए जाने के बाद उनके प्रथम लखनऊ आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह और हर्ष का माहौल है। नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह 13 अगस्त को प्रातः 10 बजे वंदे भारत ट्रेन से लखनऊ पहुंचेंगे। इसके पश्चात लगभग 11 बजे वह राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश कार्यालय पहुंचेंगे, जहां पार्टी के वरिष्ठ नेताओं एवं कार्यकर्ताओं की ओर से उनका भव्य स्वागत एवं अभिनंदन किया जाएगा।

चारबाग रेलवे स्टेशन से प्रदेश कार्यालय तक पहुंचने के मार्ग में भी कई स्थानों पर पार्टी पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं द्वारा ऐश्वर्य राज सिंह के स्वागत की तैयारियां की गई हैं। चारबाग से लेकर प्रदेश कार्यालय तक विभिन्न स्थानों पर कार्यकर्ता एवं पदाधिकारी उनका स्वागत एवं अभिनंदन करेंगे। उनके प्रथम लखनऊ आगमन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है और जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम आयोजित किए जाने की तैयारियां की गई हैं।

स्वागत कार्यक्रम के बाद लगभग 12 बजे पार्टी कार्यालय में प्रदेश के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं से ऐश्वर्य राज सिंह का औपचारिक परिचय कराया जाएगा। इसके साथ ही दोपहर 12 बजे प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा, जिसमें नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष ऐश्वर्य राज सिंह मीडिया के बंधुओं से रूबरू होंगे और संगठन, अपनी प्राथमिकताओं तथा प्रदेश में पार्टी की आगामी रणनीति को लेकर संवाद करेंगे।

इस संबंध में राष्ट्रीय लोक दल व्यापार प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष रोहित अग्रवाल ने बताया कि ऐश्वर्य राज सिंह के प्रथम लखनऊ आगमन को लेकर पार्टी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह है और उनके स्वागत के लिए व्यापक तैयारियां की गई हैं।

तकनीकी और सामाजिक क्षेत्र का व्यापक अनुभव

ऐश्वर्य राज सिंह ने टीसीएस के साथ 11 वर्षों तक कार्य किया है और अपने कार्यकाल के दौरान दो वर्ष अमेरिका के मिनियापोलिस में भी कार्यरत रहे। उनकी माता आशिमा सिंह, आईआरटीएस 1978 बैच की अधिकारी रही हैं और लखनऊ की डीआरएम के पद पर भी कार्य कर चुकी हैं।

ऐश्वर्य राज सिंह सामाजिक क्षेत्र में भी सक्रिय रहे हैं। उन्होंने बस्ती में आरएलएस सेवा एनजीओ के माध्यम से किसान सशक्तीकरण, राज्य स्तरीय खेल प्रतियोगिताओं तथा प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले चिकित्सा शिविरों के माध्यम से सामाजिक कार्यों में योगदान दिया है।

उनका जुड़ाव पूर्व राष्ट्रपति एवं महान वैज्ञानिक डॉ. ए.पी.जे. अब्दुल कलाम के PURA (Providing Urban Amenities in Rural Areas) मिशन से भी रहा है। वर्ष 2011 में डॉ. कलाम स्वयं बस्ती स्थित ऐश्वर्य राज सिंह के आवास पर पहुंचे थे, जो उनके सामाजिक सरोकारों और ग्रामीण विकास के प्रति प्रतिबद्धता का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

राष्ट्रीय लोक दल के प्रदेश अध्यक्ष के रूप में उनकी नियुक्ति को पार्टी संगठन के विस्तार और मजबूती की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। पार्टी कार्यकर्ताओं को उम्मीद है कि उनके तकनीकी, प्रबंधन, सामाजिक एवं ग्रामीण विकास से जुड़े अनुभव का लाभ उत्तर प्रदेश में संगठन को मिलेगा और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को नई गति मिलेगी।

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा