गांव-गांव पहुंचेगा रालोद, जनसंवाद से सुनी जाएंगी लोगों की समस्याएं

 


मीरजापुर, 10 सितंबर (हि.स.)। जिगना क्षेत्र के विजयपुर गांव में गुरुवार को राष्ट्रीय लोकदल के ‘रालोद आपके द्वार’ अभियान का शुभारंभ किया गया। युवा रालोद के प्रदेश अध्यक्ष रविन्द्र सिंह पटेल ने कहा कि पार्टी किसानों, गरीबों, मजदूरों, युवाओं और समाज के सभी वर्गों के हितों की आवाज उठाती रही है। अब पार्टी की नीतियों और उद्देश्यों को गांव-मोहल्लों तक पहुंचाने के साथ जनसंवाद के जरिए लोगों की समस्याएं सुनी जाएंगी।

उन्होंने कहा कि चौधरी अजीत सिंह और जयंत चौधरी के नेतृत्व में पार्टी ने किसानों के मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। रालोद को केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित पार्टी मानना उचित नहीं है। पार्टी प्रदेश और देश के सभी वर्गों के हितों के लिए काम करती है। उन्होंने स्वच्छ राजनीति के साथ किसानों और आमजन के अधिकारों की लड़ाई को आगे बढ़ाने की बात कही।

प्रदेश अध्यक्ष ने किसानों और युवाओं से रालोद से जुड़कर संगठन को मजबूत बनाने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ उपाध्यक्ष महेश दत्त मिश्रा और संचालन जिलाध्यक्ष शिव शंकर पांडेय ने किया। इस दौरान शिव शंकर पांडेय, कमलेश यादव, ठाकुर राकेश सिंह, धर्मराज और पंचू पटेल ने भी विचार रखे।

कार्यक्रम में सूर्य प्रताप सिंह, धर्मराज यादव, राहुल पटेल, राजन चौबे, संजय सिंह, कल्लू तिवारी, आनंद सिंह और बबलू मिश्र समेत अन्य कार्यकर्ता मौजूद रहे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / गिरजा शंकर मिश्रा