संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करना रालोद की प्राथमिकता: अनुपम मिश्रा
कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष ने महानगर अध्यक्षों की बैठक, संगठन विस्तार और सदस्यता अभियान पर जोर
लखनऊ, 05 अक्टूबर (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) उत्तर प्रदेश के प्रदेश मुख्यालय लखनऊ में सोमवार को प्रदेश के विभिन्न महानगर अध्यक्षों की बैठक हुई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, सदस्यता अभियान को गति देने और आगामी कार्यक्रमों की तैयारियों पर चर्चा की गई।
बैठक की अध्यक्षता रालोद के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अनुपम मिश्रा ने की। उन्होंने कहा कि किसी भी राजनीतिक दल की वास्तविक ताकत उसका मजबूत संगठन और सक्रिय कार्यकर्ता होते हैं। रालोद के संगठन को महानगर से लेकर वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने के साथ कार्यकर्ताओं को जनसरोकारों से जोड़ना प्राथमिकता है।
मिश्रा ने महानगर अध्यक्षों से नियमित रूप से कार्यकर्ताओं की बैठकें आयोजित करने और स्थानीय स्तर पर जनता की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने को कहा। उन्होंने कहा कि संगठन विस्तार तभी सार्थक होगा, जब पदाधिकारी और कार्यकर्ता समाज के सभी वर्गों के बीच निरंतर संवाद स्थापित करें।
बैठक में सदस्यता अभियान, वार्ड एवं बूथ कमेटियों के गठन, युवा और छात्र वर्ग की भागीदारी, महिला कार्यकर्ताओं की सक्रियता तथा आगामी पार्टी कार्यक्रमों की तैयारियों पर विस्तार से विचार-विमर्श हुआ। महानगर अध्यक्षों से उनके क्षेत्रों में संगठन की स्थिति, कार्यकर्ताओं की सक्रियता और आगामी कार्ययोजना की जानकारी भी ली गई।
रालोद प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि पार्टी की विचारधारा किसानों, मजदूरों, युवाओं, महिलाओं, छात्रों और कमजोर वर्गों के हितों से जुड़ी है। चौधरी चरण सिंह की विचारधारा को आगे बढ़ाते हुए पार्टी को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंच बनानी होगी। उन्होंने पदाधिकारियों से जनसंपर्क बढ़ाने और लोगों की समस्याओं के समाधान के लिए प्रभावी ढंग से आवाज उठाने का आह्वान किया।
बैठक में संगठन की नियमित समीक्षा करने, सक्रिय कार्यकर्ताओं को मुख्यधारा से जोड़ने और युवाओं को पार्टी से जोड़ने की रणनीति पर भी चर्चा हुई। सोशल मीडिया और अन्य आधुनिक संचार माध्यमों के जरिए पार्टी की नीतियों एवं गतिविधियों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने पर जोर दिया गया।
सहारनपुर, झांसी, अलीगढ़, कानपुर और अयोध्या समेत विभिन्न महानगरों के अध्यक्षों ने अपने-अपने क्षेत्रों की संगठनात्मक स्थिति और आगामी कार्यक्रमों को लेकर सुझाव दिए। प्रदेश नेतृत्व ने सुझावों पर विचार करते हुए संगठन को अधिक गतिशील बनाने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक के अंत में प्रदेश के प्रत्येक महानगर, वार्ड और बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने तथा जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से जनता के बीच ले जाने का संकल्प लिया गया।
---------------
हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा