रालोद उत्तर प्रदेश के कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष बने अनुपम मिश्रा

 


लखनऊ, 18 जुलाई (हि.स.)। राष्ट्रीय लोकदल (रालोद) उत्तर प्रदेश के मीडिया प्रभारी मयंक त्रिवेदी ने शनिवार को बताया कि पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) जयंत चौधरी के निर्देश पर पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी ने पार्टी के राष्ट्रीय सचिव अनुपम मिश्रा को उत्तर प्रदेश का कार्यवाहक प्रदेश अध्यक्ष मनोनीत किया है।

मयंक त्रिवेदी ने बताया कि यह मनोनयन आगामी विधानसभा चुनावों की दृष्टि से संगठन को और अधिक सशक्त एवं सक्रिय बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेतृत्व ने स्पष्ट संदेश दिया है कि संगठन में मेहनत, लगन, निष्ठा और कार्यकुशलता के आधार पर ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां सौंपी जाती हैं।

उन्होंने बताया कि अनुपम मिश्रा लंबे समय से राष्ट्रीय लोकदल की केंद्रीय टीम के प्रमुख सदस्य रहे हैं। वे राष्ट्रीय सचिव, राष्ट्रीय प्रवक्ता, टीम आरएलडी के राष्ट्रीय संयोजक, झारखंड प्रभारी तथा युवाओं को राजनीति से जोड़ने के लिए संचालित 'सारथी' कार्यक्रम जैसी अनेक महत्वपूर्ण जिम्मेदारियों का सफलतापूर्वक निर्वहन कर चुके हैं। उनकी संगठनात्मक क्षमता, बौद्धिक नेतृत्व एवं कार्यकर्ताओं के साथ बेहतर समन्वय को देखते हुए शीर्ष नेतृत्व ने उन्हें उत्तर प्रदेश जैसे महत्वपूर्ण राज्य की जिम्मेदारी सौंपी है।

मयंक त्रिवेदी ने कहा कि वर्तमान में प्रदेश कार्यकारिणी के पुनर्गठन की प्रक्रिया भी आगे बढ़ेगी और श्री अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत किया जाएगा तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को नई गति मिलेगी।

अनुपम मिश्रा के मनोनयन पर प्रदेश अध्यक्ष डॉ. रामाशीष राय, राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) त्रिलोक त्यागी, उत्तर प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल कुमार, संसदीय दल के अध्यक्ष के.सी. त्यागी, सांसद डॉ. राजकुमार सांगवान एवं चंदन चौहान, विधायक अजय कुमार, प्रसन्न चौधरी, मिथिलेश पाल, मदन भैया, गुलाम मोहम्मद, प्रदीप चौधरी तथा योगेश नौहवार ने शुभकामनाएं प्रेषित कीं।

इसके अतिरिक्त प्रोफेशनल मंच के प्रदेश अध्यक्ष अम्बुज पटेल, युवा राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र सिंह पटेल, पूर्व युवा प्रदेश अध्यक्ष रवींद्र सिंह निमेष, छात्र सभा के प्रदेश अध्यक्ष अमन पांडे, श्रम प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेश पाल धनगर, राष्ट्रीय सचिव डॉ. सर्वेश त्रिपाठी, महिला प्रकोष्ठ की राष्ट्रीय महासचिव शालिनी सिंह, सोनिका आनंद, आदित्य विक्रम सिंह, रजनीकांत मिश्रा, प्रीति श्रीवास्तव, सम्राट सिंह, रामावती तिवारी, आरिफ महमूद सहित पार्टी के सभी राष्ट्रीय एवं प्रदेश पदाधिकारियों, प्रकोष्ठ अध्यक्षों तथा कार्यकर्ताओं ने श्री अनुपम मिश्रा का स्वागत करते हुए उनके सफल एवं उज्ज्वल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।

मयंक त्रिवेदी ने कहा कि सभी पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता अनुपम मिश्रा के नेतृत्व में संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने तथा आगामी विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय लोकदल को मजबूत प्रदर्शन दिलाने के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करेंगे।

---------------

हिन्दुस्थान समाचार / मोहित वर्मा